top of page

अंबिका सार्वजनिक वाचनालय में गांधी-शास्त्री जयंती समारोह, विधायक विनोद अग्रवाल ने वाचनालय के विकास के लिए की 5 लाख रुपये की निधी देने की घोषणा

Oct 3
2 min read

जनचेतना/गोंदिया/सचिन बोपचे :- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को कारंजा स्थित अंबिका सार्वजनिक वाचनालय में समारोहपूर्वक जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता गोंदिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद अग्रवाल ने की। कार्यक्रम में महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री के विचारों एवं उनके राष्ट्रनिर्माण में योगदान को स्मरण करते हुए उपस्थित अतिथियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला ग्रंथालय अधिकारी खुमेंद्रजी बोपचे रहे, जबकि प्रमुख अतिथियों में कारंजा ग्राम पंचायत के प्रथम नागरिक एवं सरपंच नोकचंदजी कापसे, उपसरपंच कन्हैयाजी रहमतकर तथा तंटामुक्त समिति कारंजा के अध्यक्ष सुभाषजी मळावी उपस्थित रहे। इसके साथ ही पंचायत समिति सदस्य उमेद्रजी उपराळे एवं सामाजिक कार्यकर्ता शिवलालभाऊ ढेकवार का भी विशेष रूप से सत्कार किया गया। सभी अतिथियों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मान किया गया।


अंबिका सार्वजनिक वाचनालय की संकल्पना के तहत मार्च 2026 में आयोजित सत्र की परीक्षाओं में कारंजा गांव का नाम रोशन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का भी इस अवसर पर विशेष सम्मान किया गया। कक्षा 12वीं में कुमारी पायल हेमराज पंधराम ने 83.83 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 10वीं में कुमारी खुशी सुहास सुखदेवे ने गोंदिया जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा कुमारी काजल राजेंद्र बिसेन ने 88.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्वामी विवेकानंद विद्यालय, कारंजा में प्रथम स्थान हासिल किया। तीनों मेधावी छात्राओं को गौरव प्रमाणपत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।



कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक विनोद अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में वाचनालय और अध्ययन केंद्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत आवश्यक हो गए हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न शासकीय विभागों में नौकरी प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को स्पर्धा परीक्षाओं की तैयारी करनी पड़ती है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि, गोंदिया क्षेत्र के अनेक ग्रामों में लाइब्रेरी की शुरुआत करने का प्रयास किया गया एवं आगे भी प्रत्येक ग्राम में लाइब्रेरी स्थापित हो इस क्रम में प्रयास जारी है, ताकी विद्यार्थियों को अनेक पाठ्यक्रमों में तैयारी करने का अवसर प्राप्त हो।


इसी क्रम में विधायक विनोद अग्रवाल ने अंबिका सार्वजनिक वाचनालय के भवन की मरम्मत एवं नवीनीकरण तथा कंप्यूटर सहित अन्य आवश्यक साहित्य के लिए 5 लाख रुपये का निधि उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस घोषणा से वाचनालय में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।


कार्यक्रम में उमेद्र उपराळे, पंचायत समिति सदस्य तथा नोकचंद कापसे, सरपंच ग्राम पंचायत कारंजा ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों को मार्गदर्शन दिया। जिला ग्रंथालय अधिकारी खुमेंद्र बोपचे ने कहा कि वर्तमान समय में ग्रंथालय विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करते हुए अपने जीवन में सफलता हासिल करने तथा अपने गांव का नाम रोशन करने का आह्वान किया।


कार्यक्रम का संचालन संस्था के सचिव टेकचंद बलभद्रे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संस्था के अध्यक्ष फनेंद्रजी हरिणखेळे ने किया। समारोह में कारंजा गांव के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में वाचनालय के संचालक मंडल, ग्राम पंचायत सदस्यों तथा सभी कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।



 
 
 

Comments


bottom of page