top of page

आत्मानंद स्कूलों के 8 हजार शिक्षक-कर्मचारी धरने पर, नियमितीकरण समेत 5 मांगों को लेकर आंदोलन तेज

  • Aug 5
  • 1 min read

जनचेतना/रायपुर :-  छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में कार्यरत लगभग 8 हजार संविदा शिक्षक एवं कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। राजधानी रायपुर में बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे सरकार के विरोध में नहीं, बल्कि अपने अधिकार, सम्मान और न्याय की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं।आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में संविदा शिक्षकों और कर्मचारियों का नियमितीकरण, कार्य के अनुरूप उचित वेतनमान, प्रत्येक वर्ष वेतन वृद्धि, स्वास्थ्य बीमा, पेंशन, अवकाश एवं सेवा सुरक्षा जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा सेवा शर्तों में सुधार कर सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की भी मांग की जा रही है।



प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वामी आत्मानंद स्कूलों की सफलता में संविदा शिक्षकों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसके बावजूद उन्हें स्थायी कर्मचारियों जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, जिससे उनमें असंतोष बढ़ रहा है।

धरने पर बैठे शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बड़ी संख्या में शिक्षक-कर्मचारी हाथों में तख्तियां लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते नजर आए। इस आंदोलन को लेकर शिक्षा विभाग और राज्य सरकार की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं प्रदर्शनकारी शिक्षकों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।



 
 
 

Comments


bottom of page