मुंबई में एक बार फिर ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस वर्दी पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अंधेरी पूर्व इलाके में दिनदहाड़े 25 लाख की लूट के मामले में मुंबई पुलिस के एक सेवारत कांस्टेबल की संलिप्तता सामने आने से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है. हालांकि अंधेरी पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर इस हाई-प्रोफाइल केस का खुलासा करते हुए कांस्टेबल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और पूरी लूटी गई रकम भी बरामद कर ली. गिरफ्तार आरोपियों में अंबोली पुलिस स्टेशन में तैनात कांस्टेबल ईश्वर बालकृष्ण जाधव (31), अभिषेक प्रमोद माली (33), सागर महादेव सुतार (36) और पुरुषोत्तम रामचल कनोजिया (39) शामिल हैं. अदालत ने चारों को 7 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. यह वारदात 3 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 1:40 बजे अंधेरी पूर्व के व्यस्त तेली गली क्रॉस रोड पर हुई. नालासोपारा निवासी शैलेश मोरे (51) एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के सहायक हैं. वह रोजाना की तरह एक बड़ी नकदी लेकर जा रहे थे. उनके पास एक नीले रंग का बैग था, जिसमें 25 लाख रुपए रखे थे. जैसे ही मोरे फुटपाथ से गुजर रहे थे, एक आरोपी उनके पास आया, उन्हें धमकाया और पलक झपकते ही बैग छीनकर फरार हो गया. चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है.