top of page

गुस्से में मायके चली गई पत्नी, पति ने 3 बच्चों को दिया जहर, फिर कर ली आत्महत्या

  • Apr 5
  • 1 min read

जन चेतना/सोलापुर/सचिन बोपचे

महाराष्ट्र के सोलापुर के नॉर्थ सोलापुर तालुका के तिरहे गांव में एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना की खबर सामने आ रही है, जहां एक पिता ने अपने तीन छोटे बच्चों को ज़हर देने के बाद खुद आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान 34 साल के भीमा अन्ना वाघमारे के रूप में हुई है, जो एक सीमेंट कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता था.


प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भीमा वाघमारे और उसकी पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद चल रहा था. विवाद के चलते पत्नी अपने मायके चली गई थी और वापस आने से इनकार कर रही थी. परिजनों के सुलह कराने की कोशिशें भी नाकाम रहीं, जिससे भीमा मानसिक तनाव में आ गया. इस घटना ने इलाके में सभी को हिलाकर रख दिया है.


खेत में ले जाकर बच्चों को दिया जहर


बताया जा रहा है कि इसी तनाव में उसने अपने तीन बच्चों जानवी, प्रगति और बाबू को वलसांग के पास एक खेत में ले जाकर ज़हर दे दिया और फिर खुद भी ज़हर खा लिया. इस घटना में भीमा वाघमारे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीनों बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है.


तीनों बच्चों का इलाज ICU में जारी


घटना के बाद बच्चों को तुरंत सोलापुर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक, तीनों की स्थिति नाजुक है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर मामले की जांच शुरू कर दी है. इस घटना से इलाके में शोक और दहशत का माहौल है.



 
 
 

Comments


bottom of page