गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर नागरा के पास भीषण हादसा
ट्रक-पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत में 6 मजदूरों की मौत, 7 गंभीर घायल
अनंत चेतना/गोंदिया : गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर नागरा गांव के पास 7 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गोंदिया की ओर से आ रहे एक ट्रक ने मजदूरों से भरी पिकअप को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में 3 वर्षीय मासूम समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किरणापुर क्षेत्र के मजदूर पिकअप वाहन क्रमांक MP-15 T 3495 से तेलंगाना के जगतियाल, करीमनगर में रोजगार के लिए जा रहे थे। इसी दौरान नागरा गांव के पास गोंदिया की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक MH-35 AJ-2547 ने उनकी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में 6 की मौत
इस दर्दनाक हादसे में आरुष मात्रे (3), निवासी सावरी, किरण संतोष वैद्य (26), निवासी लोडाना, संतोष मात्रे (38), सुशीला मात्रे (35), दोनों निवासी किन्ही, रूपसेन सत्यकर (35) और ज्योति सत्यकर (32) की मौत हो गई। वहीं भूमेश्वर मात्रे (47), संगीता मात्रे (35), राजेंद्र पंचाले (30), लक्ष्मी पंचाल (27), संतोष वैद्य (35), राकेश बाहे (24) और चालक संदीप बाहे गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं।
स्थानीय लोगों ने पहुंचकर बचाई जान
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के नागरिक तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना मिलते ही गोंदिया ग्रामीण पुलिस भी मौके पर पहुंची। वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से गोंदिया जिला सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।





Comments