top of page

ग्राम पंचायत की जांच में हंगामा, सरपंच पति पर गाली-गलौज व धमकी का आरोप; मामला दर्ज

Sep 25
1 min read

जनचेतना/गोंदिया/पुण्यशील बडगे :- ग्राम पंचायत बटाना में 21 सितंबर 2026 को आयोजित जांच के दौरान शिकायतकर्ता के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में सरपंच पति राजेश हंसराज रहांगडाले के खिलाफ गोंदिया ग्रामीण पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 351(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।



शिकायत के अनुसार, ग्राम पंचायत बटाना में पाटील गली में स्थापित सौर ऊर्जा पानी टंकी तथा वर्ष 2024-25 की कैशबुक उपलब्ध नहीं होने से संबंधित शिकायतों की जांच के लिए शिकायतकर्ता झनेंद्र रेवाजी हरिनखेड़े उपस्थित हुए थे। जांच खंड विकास अधिकारी श्री लोंढे तथा विस्तार अधिकारी श्री निम्जे की मौजूदगी में शुरू हुई। इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच, सदस्य, ग्राम पंचायत अधिकारी सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।


शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच के दौरान सरपंच रंजीता राजेश रहांगडाले के पति राजेश हंसराज रहांगडाले ने जांच की कार्यवाही में हस्तक्षेप करने का प्रयास किया। इसी दौरान शिकायतकर्ता झनेंद्र हरिनखेड़े तथा दूसरे शिकायतकर्ता एडवोकेट विश्वनाथ रहांगडाले के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और उन्हें धमकी दी गई। शिकायत में मारपीट के लिए आगे बढ़ने का आरोप भी लगाया गया है।


घटना के बाद शिकायतकर्ता ने गोंदिया ग्रामीण पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर राजेश हंसराज रहांगडाले के खिलाफ धारा 296 और 351(1) के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सरपंच के पति द्वारा ग्राम पंचायत के कामकाज में लगातार हस्तक्षेप किया जाता है। उन्होंने इस संबंध में संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से भी कार्रवाई की मांग की है।



 
 
 

Comments


bottom of page