घटिया सड़क निर्माण पर ग्रामीणों का आक्रोश, निर्माण एजेंसी पर उठे सवाल
- Jun 13
- 3 min read
प्रतिनिधी/विवेक हरिनखेड़े/ गोंदिया ; गोंदिया तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम गर्रा बुजुर्ग में निर्माणाधीन सीमेंट सड़क को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत के माध्यम से किए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता के सभी मानकों को ताक पर रखकर निकृष्ट दर्जे का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों ने इस मामले में ग्राम पंचायत, सरपंच तथा संबंधित निर्माण एजेंसी की भूमिका की जांच करने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण कार्य में न तो उचित खड़ीकरण किया गया और न ही निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन किया गया। कई स्थानों पर सड़क की मोटाई बेहद कम पाई गई, जबकि निर्माण में निम्न गुणवत्ता की सामग्री उपयोग किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। इससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सबसे गंभीर बात यह है कि निर्माणाधीन सड़क की ऊंचाई नालियों से अधिक रखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे बरसात के दौरान पानी की निकासी बाधित होगी और वर्षा का पानी सीधे घरों में घुस सकता है। इससे मकानों को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाएगा।
निर्माण कार्य की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार्य का विरोध किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है और ग्राम पंचायत के जिम्मेदार पदाधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने सरपंच की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं हुआ तो कुछ ही समय में सड़क उखड़ने और टूटने की संभावना है, जिससे शासन को आर्थिक नुकसान और ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ेगी।
ग्रामीण की प्रतिक्रिया
खुमेश तांडेकर, ग्रामस्थ, गर्रा बुजुर्ग
"गांव में जो सीमेंट सड़क बनाई जा रही है, वह पूरी तरह निकृष्ट दर्जे की दिखाई दे रही है। सड़क की मोटाई कई जगह बेहद कम है, खड़ीकरण नहीं किया गया है और घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। सड़क नालियों से ऊंची बनाई जा रही है, जिससे बरसात में लोगों के घरों में पानी घुसने की आशंका है। हमने इस संबंध में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, खंड विकास अधिकारी और संबंधित कनिष्ठ अभियंता को शिकायत दी है। हमारी मांग है कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा सड़क का निर्माण मानकों के अनुसार दोबारा कराया जाए।"
अधिकारियों की प्रतिक्रिया
श्री वंजारी, कनिष्ठ अभियंता
"मैं वर्तमान में अवकाश पर हूं। अवकाश से लौटने के बाद मौके का निरीक्षण करूंगा। यदि निर्माण कार्य में अनियमितता पाई गई तो संबंधित बिल रोका जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।"
श्री देवरे, खंड विकास अधिकारी
"मुझे इस संबंध में जानकारी मिली थी। मैंने कनिष्ठ अभियंता को मौके पर भेजा था। मामले की पुनः जांच कर आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।"
---
ग्रामीणों की मांग
* सड़क निर्माण कार्य की तत्काल तकनीकी जांच हो।
* निर्माण में उपयोग सामग्री की गुणवत्ता की जांच की जाए।
* सड़क की मोटाई और निर्माण मानकों का परीक्षण कराया जाए।
* दोषी ठेकेदार, संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो।
* बरसात से पहले सड़क का निर्माण मानकों के अनुरूप कराया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। गांव में घटिया निर्माण को लेकर बढ़ते असंतोष ने ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।




Comments