नागपुर-भंडारा-गोंदिया एक्सप्रेस-वे की राह साफ, 80% जमीन अधिग्रहण पूरा, 4 तहसीलों से गुजरेगा 162 KM का कॉरिडोर
जनचेतना/नागपुर :- नागपुर, उपराजधानी नागपुर से भंडारा और गोंदिया के बीच तेज रफ्तार कनेक्टिविटी का रास्ता अब जमीन पर आकार लेने लगा है। नागपुर-भंडारा-गोंदिया एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेस-वे के लिए नागपुर जिले में 575.79 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है।
महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास कॉर्पोरेशन (एमएसआरडीसी) के अधिकारियों के अनुसार इसमें से करीब 80 फीसदी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि शेष जमीन के अधिग्रहण की कार्यवाही जारी है। यह एक्सप्रेस-वे नागपुर जिले की नागपुर ग्रामीण, उमरेड, कुही और मौदा तहसील से होकर आगे भंडारा और गोंदिया जिले की ओर जाएगा।करीब 162.37 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे पूर्वी विदर्भ के लिए महत्वपूर्ण सड़क परियोजना माना जा रहा है। इसके बनने के बाद नागपुर से भंडारा और गोंदिया की कनेक्टिविटी अधिक तेज और सुगम होने की उम्मीद है।
परियोजना का निर्माण
महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास कॉर्पोरेशन MSRDC द्वारा किया जा रहा है। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के लिए नागपुर, भंडारा और गोंदिया जिलों में कुल 1,620.98 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जानी है। इसमें अकेले नागपुर जिले की हिस्सेदारी 575.79 हेक्टेयर की होगी। यानी पूरे प्रोजेक्ट के लिए आवश्यक भूमि में लगभग 35।5 फीसदी जमीन नागपुर जिले से ली जानी है। अधिकारियों के अनुसार, कुल भूमि अधिग्रहण में करीब 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है। इस आधार पर लगभग 1,296.78 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूरा होने का अनुमान है, जबकि करीब 324.20 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण बाकी रहने की संभावना है। इससे जल्द ही इस परियोजना के आकार लेने की संभावना है।
परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण और उससे जुड़े कार्य
बता दें कि इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण और उससे जुड़े कार्यों के लिए 3,162.18 करोड़ की वित्तीय व्यवस्था की गई है। इसी वर्ष महाराष्ट्र सरकार ने एमएसआरडीसी द्वारा हुडको से लिए जाने वाले ऋण के लिए राशि की सरकारी गारंटी को मंजूरी दी थी। परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी आने के बाद अब नजर इसके वास्तविक निर्माण कार्य पर है। करीब 80 फीसदी भूमि अधिग्रहण पूरा होने का दावा सामने आने के बाद शेष जमीन कब तक उपलब्ध होती है और निर्माण कार्य किस गति से शुरू होता है, यह महत्वपूर्ण होगा। नागपुर जिले की 575।79 हेक्टेयर जमीन इस पूरे एक्सप्रेस-वे प्रोजेक्ट का एक बड़ा हिस्सा है। ऐसे में भूमि अधिग्रहण पूरा होने के बाद नागपुर जिले में परियोजना के निर्माण की स्थिति भी इसका अहम पैमाना होगी।




Comments