नागपुर में चमके काटी के ताइक्वांडो खिलाड़ी
फर्स्ट इंडिपेंडेंस कप में 3 गोल्ड, 2 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज मेडल पर जमाया कब्जा
जनचेतना/ काटी :- हाल ही में नागपुर में आयोजित फर्स्ट इंडिपेंडेंस कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप में काटी ताइक्वांडो स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण, 2 रजत एवं 6 कांस्य पदक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों में आर्यन चौधरी, आयुष हनवते एवं अरमान पाचे का समावेश है। वहीं रजत पदक नित्य तुरकर एवं श्रद्धा खरे ने हासिल किया। इसी प्रकार कांस्य पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों में जयेश नागफासे, तनवी दंदरे, अंशु दंदरे, पार्थ तितमारे, वेद कटरे एवं देवाश खरे ने शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं प्रशिक्षक ओमकार नागफासे को दिया। खिलाड़ियों ने बताया कि प्रशिक्षक के मार्गदर्शन एवं नियमित अभ्यास के कारण उन्हें प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली।

जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने दी शुभकामनाएं
काटी ताइक्वांडो स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विधायक विनोद अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष, जिला क्रीड़ा अधिकारी यादव सर, तालुका क्रीड़ा अधिकारी महल्ले सर सहित क्षेत्र एवं ग्रामवासियों ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। खिलाड़ियों की इस सफलता से काटी क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई कि ये प्रतिभावान खिलाड़ी भविष्य में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र एवं जिले का नाम रोशन करेंगे।






Comments