पंचनामा कर तत्काल किसानों को आर्थिक सहायता देने की जि.प.सदस्य वैशाली पंधरे की मांग
लगातार बारिश से फसलों पर बीमारी का संकट; गोंदिया की बाकी तहसीलों को भी राहत देने की मांग
जनचेतना/गोंदिया :- जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण किसानों की फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। अत्यधिक नमी और लगातार बारिश के चलते धान सहित अन्य फसलों पर विभिन्न प्रकार के रोग एवं कीटों का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे फसलों की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ ही उत्पादन में कमी आने की आशंका से किसान चिंतित हैं। हालिया रिपोर्टों में गोंदिया जिले के विभिन्न क्षेत्रों में धान की फसल पर रोग और कीटों के प्रकोप की भी जानकारी सामने आई है।

राज्य सरकार की ओर से खरीफ हंगामे के लिए 265 तालुकों को दुष्कालग्रस्त घोषित किया गया है। गोंदिया जिले में केवल तिरोडा तहसील का इस सूची में समावेश किया गया है, जबकि जिले की अन्य सात तहसीलों को इसमें शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में लगातार बारिश और फसल पर बढ़ते रोगों के कारण किसानों की स्थिति गंभीर होने का दावा करते हुए जिला परिषद सदस्य वैशाली पंधरे ने प्रशासन से तत्काल प्रभावित खेतों का पंचनामा कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है, उनके नुकसान का वस्तुनिष्ठ आकलन कर शासन की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
“सिर्फ तिरोडा नहीं, अन्य तहसीलों के किसानों को भी मिले राहत”
किसानों का कहना है कि फसल नुकसान केवल एक तहसील तक सीमित नहीं है। इसलिए बारिश, रोग एवं कीटों से प्रभावित सभी क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर नुकसान का पंचनामा किया जाए और पात्र किसानों को शासन की नियमानुसार मदद उपलब्ध कराई जाए। गोंदिया जिले में कुल आठ तहसीलें हैं और वर्तमान सूची में तिरोडा को ही शामिल किया गया है।
वैशाली पंधरे की मांग:
प्रभावित फसलों का तत्काल पंचनामा किया जाए।
बारिश और रोगों से हुए नुकसान का वस्तुनिष्ठ सर्वेक्षण हो।
नुकसानग्रस्त किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता दी जाए।
गोंदिया जिले की अन्य तहसीलों को भी राहत के दायरे में शामिल करने पर विचार किया जाए।





Comments