top of page

महाराष्ट्र: कोल्हापुर में पोते ने दादी को दी जहरीली चाय, खैनी और शराब के लालच में उतारा मौत के घाट

  • Mar 23
  • 2 min read

जनचेतना/गोंदिया/सचिन बोपच




कोल्हापुर के गंगावेश इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पोते ने खैनी और शराब के लिए पैसे जुटाने की लालच में अपनी ही दादी की चाय में जहर मिलाकर हत्या कर दी. इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. मृतक बुजुर्ग महिला उषा मारुति भिउंगड़े अपने पति के निधन के बाद अकेली रह रही थीं. शुरुआत में उनकी मौत को सामान्य बताया गया था. परिवार और आस-पड़ोस के लोगों को लगा कि उम्र और बीमारी की वजह से उनका निधन हुआ है. लेकिन बाद में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ. पता चला कि उनकी चाय में जहर मिलाया गया था, जिससे उनकी मौत हुई.

 

खैनी और शराब के लिए रची साजिश

जांच में सामने आया कि आरोपी प्रेम भिउंगड़े ने ऐशो-आराम और नशे की आदत पूरी करने के लिए यह खौफनाक कदम उठाया. उसने दादी को चाय में जहर देकर मौत के घाट उतार दिया. जब उसे यकीन हो गया कि दादी की मौत हो चुकी है, तो उसने उनके हाथों से सोने की चूड़ियां, हार और अन्य गहने निकाल लिए.

 

लोकल क्राइम ब्रांच की कार्रवाई

जब बुजुर्ग महिला की मौत को लेकर मोहल्ले के लोगों को शक हुआ तो उन्होंने तुरंत पुलिस को खबर दी. सूचना मिलते ही लोकल क्राइम ब्रांच हरकत में आई और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई. पुलिस इंस्पेक्टर सुशांत चव्हाण की टीम ने तकनीकी और स्थानीय जानकारी के आधार पर प्रेम को हिरासत में लिया. सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गया और आखिरकार उसने अपनी दादी की हत्या करने की बात कबूल कर ली. इस घटना के बाद गंगावेश इलाके में लोग हैरान हैं कि कोई अपने ही खून के रिश्ते के साथ ऐसा कैसे कर सकता है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. यह मामला अब पूरे कोल्हापुर जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है.


Comments


bottom of page