रावणवाड़ी के जीईएस हाईस्कूल में विधि साक्षरता जनजागृति कार्यक्रम आयोजित
अनंत चेतना/गोंदिया/विवेक हरिनखेड़े | गोंदिया एज्युकेशन सोसायटी द्वारा संचालित जीईएस हाईस्कूल एवं कनिष्ठ महाविद्यालय, रावणवाड़ी में प्राचार्या कु. अश्विती गिजरे के मार्गदर्शन में विधि विषयक साक्षरता एवं जनजागृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला विधि सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय गोंदिया तथा जीईएस हाईस्कूल एवं कनिष्ठ महाविद्यालय रावणवाड़ी के संयुक्त तत्वावधान में 1 सितंबर 2026 को यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर एवं क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से की गई। विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया तथा पुष्पगुच्छ देकर उनका सम्मान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधि सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय गोंदिया के सचिव एन.के. वालके ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को कानून के प्रति साक्षर होकर एक जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में ही भविष्य के कर्मचारी, अधिकारी एवं इंजीनियर दिखाई देते हैं।
कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में जिला विधि सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय गोंदिया की रिटेनर/पैनल लॉयर अॅड. एकता गणवीर उपस्थित थीं। उन्होंने विद्यार्थियों को POCSO कानून, रैगिंग विरोधी कानून, बाल संरक्षण संबंधी कानून, लैंगिक अन्याय एवं अत्याचार से संबंधित कानून तथा विभिन्न कानूनी प्रावधानों और NALSA के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून की जानकारी प्राप्त कर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। विद्यालय की प्राचार्या कु. अश्विती गिजरे ने कहा कि विद्यार्थियों को कानून का ज्ञान देकर उन्हें जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम का संचालन एस.एम. कांबळे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन आर.बी. राऊत ने माना। इस अवसर पर कु. पी.एन. भालाधरे, एम.एस. ठाकरे, कु. पी.जे. मेश्राम, कु. एम.सी. नागपुरे, सौ. जे.एम. काळे, वाय.टी. बघेले, सौ. व्ही.यू. राणे, बी.टी. पटले, व्ही.डी. चिट्टरजवार, पीएलवी महेंद्र गजभिये, पीएलवी विश्वासकुमार गजभिये, पीएलवी गुरूदयाल जैतवार एवं पीएलवी अमेशकुमार पाचे सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में कानून, संविधान एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।





Comments