रावणवाड़ी पुलिस की कड़ी सुरक्षा में होगा गणेश विसर्जन, कोरनी घाट पर तैनाती
अनंत चेतना/गोंदिया :- रावणवाड़ी पुलिस स्टेशन अंतर्गत बाघ नदी घाट, कोरनी में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। विसर्जन को देखते हुए 24 सितंबर से ही पुलिसकर्मियों की लगातार तैनाती की गई है। जानकारी के अनुसार, आसपास के क्षेत्रों सहित गोंदिया शहर से 150 से अधिक सार्वजनिक गणेश मंडलों एवं भक्तों के विसर्जन के लिए कोरनी घाट पर पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विसर्जन प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए रावणवाड़ी पुलिस प्रशासन की ओर से नदी के समीप बैरिगेट्स लगाए गए हैं तथा सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

पुलिस प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं और गणेश मंडलों से नियमों का पालन करने तथा प्रशासन को सहयोग करने का आह्वान किया गया है। विशेष रूप से डीजे प्रतिबंध संबंधी नियमों का पालन करते हुए निर्धारित एवं कम आवाज में ही डीजे बजाने की अपील की गई है। रावणवाड़ी पुलिस निरीक्षक रामदास शेवते ने गणेश मंडलों एवं भक्तों से शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करने तथा पुलिस प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ गणेश विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।





Comments