रावणवाड़ी में हाईवे निर्माण से बढ़ा हादसों का खतरा, ग्रामीणों ने सांसद से मांगी सुरक्षित क्रॉसिंग
अनंत चेतना/ गोंदिया :- ग्राम रावणवाड़ी से होकर चल रहे हाईवे निर्माण कार्य के बीच आबादी क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है। ग्रामीणों के अनुसार हाईवे से गांव का करीब 1 किलोमीटर आबादी क्षेत्र प्रभावित हो रहा है, जहां ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और व्यापारियों का लगातार आवागमन रहता है। ग्रामीणों का दावा है कि पिछले करीब तीन महीनों में 10 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें 8 से अधिक लोगों की जान जाने की बात कही गई है। दुर्घटनाओं को लेकर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज होने का भी ग्रामीणों ने उल्लेख किया है। लगातार हादसों के चलते गांव में भय और असुरक्षा का माहौल होने की बात आवेदन में कही गई है। इसी समस्या को लेकर समस्त ग्रामवासियों की ओर से राज्यसभा सांसद राजेंद्रजी जैन को आवेदन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है। ग्रामीणों ने हाईवे निर्माण के दौरान सुरक्षित आवागमन के लिए आबादी क्षेत्र में दो स्थानों पर बड़े क्रॉस रोड उपलब्ध कराने की मांग की है।

चारगांव-सिरपुर मार्ग और नहर के पास क्रॉसिंग की मांग
ग्रामीणों ने विशेष रूप से चारगांव-सिरपुर जाने वाले मार्ग के सामने बड़ा क्रॉसिंग रोड बनाने तथा वहां रंबल स्ट्रिप और स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था करने की मांग की है। इसके अलावा रावणवाड़ी नहर के थोड़ा आगे भी बड़ा क्रॉसिंग रोड उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही आबादी क्षेत्र में स्पीड कंट्रोल, रंबल स्ट्रिप, चेतावनी एवं दिशा-सूचक बोर्ड, स्पीड मीटर, स्ट्रीट लाइट, रोड मार्किंग, कैट्स आई/रिफ्लेक्टर सहित अन्य सड़क सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की गई है।
8 दिनों में कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने सांसद से आवेदन प्राप्त होने के 8 दिनों के भीतर स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू करवाने की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि यदि निर्धारित अवधि में उचित कार्रवाई नहीं होती है तो ग्रामवासी अपने जीवन और सुरक्षा की मांग को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने दुर्घटनाओं से प्रभावित लोगों के लिए नियमानुसार मुआवजा एवं अन्य वैधानिक राहत उपलब्ध कराने की कार्रवाई की मांग भी की है। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे निर्माण विकास के लिए जरूरी है, लेकिन गांव के आबादी क्षेत्र में सुरक्षित क्रॉसिंग और पर्याप्त सड़क सुरक्षा व्यवस्था के बिना लोगों की जान जोखिम में नहीं डाली जानी चाहिए।





Comments