top of page

लव मैरिज करने की जिद कर रही थी 21 साल की बेटी, मां ने पाइप से गला दबा ले ली जान

  • Mar 23
  • 2 min read

जनचेतना/गोंदिया/सचिन बोपच




महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के वालुज महानगर क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. तिसगांव चौफुली इलाके में पुलिस को एक गद्दे में लिपटी हुई 20 साल की लड़की की लाश मिली, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मामले की जांच में खुलासा हुआ है कि लड़की की हत्या उसकी ही मां ने प्रेम संबंध के विरोध में गला घोंटकर की थी. मृतका की पहचान नंदिनी राजू धिवरे के रूप में हुई है. 35 साल की आरोपी मां भारती उमेश साबले के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 19 फरवरी की रात डायल 112 टीम को एक रिक्शा चालक से सूचना मिली कि तिसगांव चौफुली पुल के पास एक रिक्शा में संदिग्ध तरीके से गद्दा और घरेलू सामान ले जाया जा रहा है.

 

गद्दे में लिपटी लाश, सबूत मिटाने की कोशिश

 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. वहां एक महिला और एक व्यक्ति रिक्शा के साथ मौजूद थे. उनके पास एक प्लास्टिक ड्रम और रस्सी से बंधा हुआ गद्दा था. पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने गद्दा खोला, जिसमें एक लड़की का शव बरामद हुआ. शुरुआत में मां ने दावा किया कि लड़की ने आत्महत्या की है और वे शव को गांव ले जा रहे थे, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि लड़की की मौत गला घोंटने से हुई थी.

 

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह

 

जांच में सामने आया कि नंदिनी का एक कन्नड़ युवक से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करने की जिद कर रही थी. इस बात को लेकर मां और बेटी के बीच पिछले कुछ दिनों से लगातार झगड़ा चल रहा था. इसी विवाद के चलते मां ने प्लास्टिक पाइप से नंदिनी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को गद्दे में लपेटकर तिसगांव चौफुली पुल के पास ले जाकर फेंकने की कोशिश की गई, ताकि सबूत मिटाए जा सकें. रिक्शा चालक ने बताया कि वडगांव कोल्हाटी से तिसगांव चौफुली तक सामान ले जाते समय उसे गद्दे में कुछ संदिग्ध लगा. जब सामान उतारा जा रहा था, तब उसने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पूरा मामला उजागर हो गया. पुलिस ने आरोपी मां भारती उमेश साबले के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.


Comments


bottom of page