सिवनी-गर्रा के बीच टूटी माइनर नहर, हजारों लीटर पानी नाले में बर्बाद; किसानों के खेतों तक नहीं पहुंच रहा पानी
जनचेतना/गोंदिया :- सिवनी से गर्रा की ओर जाने वाली माइनर नहर बारिश के कारण जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है। नहर टूटने के कारण सिंचाई के लिए छोड़ा जा रहा पानी खेतों तक पहुंचने के बजाय नाले में बहकर बर्बाद हो रहा है। इससे एक ओर जहां हजारों लीटर पानी व्यर्थ जा रहा है, वहीं दूसरी ओर किसानों के खेत पानी के लिए तरस रहे हैं। वर्तमान में बारिश नहीं होने के कारण खरीफ फसल को सिंचाई की आवश्यकता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि नहर में पानी उपलब्ध होने के बावजूद टूटे हिस्सों के कारण खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे फसल पर संकट मंडराने लगा है और किसानों को नुकसान की चिंता सता रही है। किसानों के अनुसार, नहर की स्थिति को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई बार सूचना दी गई है, लेकिन अभी तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नहर की मरम्मत नहीं की गई तो खेतों में खड़ी फसल को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाएगा और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

किसानों ने की तत्काल मरम्मत की मांग
किसानों ने सिंचाई विभाग और प्रशासन से मांग की है कि सिवनी-गर्रा के बीच क्षतिग्रस्त माइनर नहर का तत्काल निरीक्षण कर मरम्मत कराई जाए। नहर से बहकर बर्बाद हो रहे पानी को रोककर उसे खेतों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए, ताकि खरीफ फसल को समय पर सिंचाई मिल सके और किसानों की मेहनत पर पानी न फिरे।





Comments